इन्दिरा गांधी नहर में डूबने से सेना के जवान की मौत

इन्दिरा गांधी नहर में डूबने से सैन्य जवान की मौत

सूूरतगढ़ (श्रीगंगानगर): सेना का एक जवान इन्दिरा गांधी नहर की 220-221 आरडी में सैन्य अभ्यास के दौरान डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सेना के अन्य जवानों व गोताखारों की मदद से जवान को बाहर निकालकर सैन्य चिकित्सालय ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद राजियासर पुलिस ने शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर सैन्य जवानों को शव सौंप दिया।

राजियासर पुलिस थानाधिकारी ने बताया कि 28 राजपूत रेजिमेंट के जवान 26 से 28 अक्टूबर तक क्षेत्र में सैन्य अभ्यास के लिए आए हुए हैं। गुरुवार सुबह इन्दिरा गांधी नहर की 220-221 आरडी के बीच रस्से के सहारे जवान नहर पार करने का अभ्यास कर रहे थे। सुबह करीब सवा दस बजे 28 राजपूत रेजिमेंट के बुटेरी बानसूर अलवर निवासी नायक दयाराम(32) पुत्र जयराम गुर्जर नहर में डूब गया।

इसके बाद सेना के जवानों व गोताखारों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई। दोपहर करीब 1.50 बजे 220 आरडी से कुछ दूरी पर नायक दयाराम गुर्जर का शव मिला। इसके बाद उसे सेना के जवान सैन्य अस्पताल ले गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सूरतगढ़ के राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम कर उसे यूनिट के जवानों को सौंप दिया।

कांग्रेस के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी सेना के जवान की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि सूरतगढ़ में सैन्य अभ्यास के दौरान शहीद हुए अलवर जिले के सूद वाली ढाणी के वीर सपूत दयाराम गुर्जर जी की शहादत को मैं सलाम करता हूँ। इस बेहद मुश्किल घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शहीद के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें।

http://

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *