उदयपुर: एसीबी की स्पेशल यूनिट ने नाथद्वारा थाने के ASI को रिश्चवत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। परिवादी हितेंद्र सिंह ने एसीबी में शिकायत दी थी कि नाथद्वारा थाने में उससे सम्बंधित एक प्रकरण दर्ज हुआ था। जिस प्रकरण में आपसी समझौता हो गया था। ऐसे में उस मामले में एफआर देने के एवज में 49 वर्षीय ASI मनीष सिंह ने परिवादी से 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। मंगलवार को ASI ने परिवादी से रिश्वत की मांग की और बुधवार को उसे पैसे के साथ बुलाया।
पुलिस निरीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित की अगुवाई में एसीबी की टीम ने आरोपी ASI को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी मनीष सिंह श्रीमाधोपुर का रहने वाला है और फिलहाल नाथद्वारा थाने में एएसआई के पद पर कार्यरत है। कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक हरिशचंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल रमेशचंद्र, मुनीर मोहम्मद, करणसिंह, मोतीलाल और कांस्टेबल टीकाराम, दिनेश कुमार, दलपत सिंह और लक्ष्मण सिंह शामिल रहे।
