उदयपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी देवदर्शन यात्रा का आगाज कर दिया। राजे सीधे सांवलिया सेठ मंदिर पहुंची। यहां उन्होंने दर्शन किए और समर्थकों को सम्बोधित भी किया। इसके बाद वसुंधरा राजे लसाड़िया पहुंची। यहां राजे दिवंगत धरियावद विधायक गौतमलाल मीणा के घर गई। मीणा के निधन के बाद पहली बार राजे उनके घर पहुंची। यहां पहुंचकर राजे ने शोक व्यक्त किया। इस दौरान राजे ने गौतमलाल मीणा के पुत्र कन्हैयालाल मीणा से भी मुलाकात की। साथ ही उनसे लम्बी चर्चा की। लसाड़िया में वसुंधरा ने इस दौरान एक सभा भी की। यहां से वसुंधरा बांसवाड़ा त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन के लिए निकल गई। मंगलवार को राजे बांसवाड़ा ही रूकेंगी। अपनी यात्रा के दौरान दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी के घर भी वसुंधरा राजे जाएंगी।
राजे से बनाई कटारिया गुट ने दूरी, नहीं आए खेतसिंह
वसुंधरा राजे के दौरे से बीजेपी में चल रही गुटबाजी और खटास सामने आ गई। वसुंधरा के साथ लसाड़िया में पूर्व मंत्री युनूस खान, उदयपुर सांसद अर्जुन मीणा, सलूम्बर विधायक अमृतलाल मीणा, उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार और लसाड़िया मंडल अध्यक्ष सहित कई नेता थे। मगर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के गुट का कोई भी नेता नजर नहीं आया। उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष से लेकर उदयपुर भाजपा में कई अहम पदों पर काबिज नेता लसाड़िया नहीं पहुंचे। यहां तक कि धरियावद से उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार रहे खेतसिंह मीणा भी लसाड़िया राजे के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।