उदयपुर: उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में एक दुर्घटना में बेदला सरपंच के देवर और उसके एक साथी की मौत हो गई। हादसा चीरवा टनल के पास नाथद्वारा हाइवे पर हुआ। पुलिस ने बताया कि हादसे में बेदला सरपंच निर्मला प्रजापत का देवर बेदला निवासी गौरव (32) पुत्र बंशीलाल प्रजापत और चिकलवास निवासी संपत (27) पुत्र मोहनलाल लौहार की मौत हो गई। दोनों युवक कार से नाथद्वारा रोड पर जा रहे थे। चीरवा टनल के पास तेज रफ्तार कार एक ट्रक के पीछे जा भिड़ी, जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर सुखेर थाने से जाब्ता मौके पर पहुँचा। दोनों गंभीर घायलों को कार से निकालकर एम्बुलेंस से एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचाने तक दोनों घायलों के बारे में जानकारी नहीं थी। इसी दौरान संपत के मोबाइल पर आए कॉल से बात होने पर परिजनों तक जानकारी पहुंची। इसके बाद दोनों युवकों के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचने लगे और सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों के शव को मोर्चरी में रखवाया है।
