पाली: सड़क हादसे में सोमवार रात मुंबई के व्यापारी और उसके दोस्त की मौत हो गई। कार आगे चल रही लकड़ियों से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में व्यापारी का बेटा गंभीर घायल हो गया, जिसे बांगड़ हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक बार-बार बोलता रहा, प्लीज पापा से एक बार मिला दो। हादसा राजस्थान के पाली जिले के पास हुआ।
जाडन चौकी प्रभारी राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि सोमवार रात करीब दस बजे मारवाड़ जंक्शन से जाडन की तरफ कार में तीन लोग आ रहे थे। खारड़ी के निकट कार लकड़ियों से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। जिससे लकड़ियां कार का शीशा तोड़ अंदर तक घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार तीन लोग बुरी तरह फंस गए। जिन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।
पुलिस के अनुसार हादसे में मुम्बई के मुलुड वेस्ट हाल मारवाड़ जंक्शन के वीडी नगर निवासी श्यामलाल सोनी (48) पुत्र भभूतराम सोनी, उनके दोस्त केरल के कासाईगढ़ निवासी अशोक कुमार (35) पुत्र सतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतक श्यामलाल सोनी का पुत्र शाहिल सोनी(23) गंभीर घायल हो गया।
