चंडीगढ़ : पंजाब में कोरोना से हालात बिगड़ गए हैं। लगातार दूसरे दिन 400 से ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं, जिसके बाद पंजाब में आज रात से नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। 15 जनवरी तक रात 10 से सुबह 5 बजे तक यह नाइट कर्फ्यू रहेगा। इसे फिलहाल शहरों और कस्बों में लागू किया जाएगा। इसके अलावा अब कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले कर्मचारी ही दफ्तर जा पाएंगे।
इसके अलावा स्कूल-कॉलेज, यूनिवर्सिटी और कोचिंग सेंटर भी बंद कर दिए गए हैं। स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स, स्विमिंग पूल, जिम और स्टेडियम भी बंद करने का फैसला लिया गया है। होटल और रेस्टोरेंट 50% क्षमता से काम कर सकते हैं। इसके अलावा AC बसों में आधी ही सवारियां बैठ सकती है। इस संबंध में शाम को CM चरणजीत चन्नी मंगलवार शाम को रिव्यू मीटिंग कर रहे हैं, जिसके बारे में औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
HC में फिजिकल हियरिंग बंद
हालात यह है कि पटियाला में मेडिकल कॉलेज में एक ही दिन में 100 से ज्यादा डॉक्टर और स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव मिले, जिसके बाद हॉस्टल खाली करवा दिया गया। करीब 1 हजार स्टूडेंट्स के कोरोना टेस्ट कराए गए हैं। वहीं हालात बिगड़ते देख पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने फिजिकल हियरिंग बंद कर दी है। अब सिर्फ वर्चुअल सुनवाई होगी। फिलहाल यह आदेश 5 से 14 जनवरी तक लागू रहेगा।
