नागौर : पुलिस पर फायरिंग कर भागे तस्कर की 8 दिन पहले हुई गिरफ्तारी के मामले में सदर SHO अंजू कुमारी, पूर्व सदर SHO व अभी झालावाड़ के अकलेरा में SHO नंदकिशोर वर्मा की निलंबित इंटेलिजेंस अधिकारी भंवरलाल के बीच की बातचीत के ऑडियो सामने आने के बाद अब CM अशोक गहलोत के निर्देशों पर PHQ से आर्डर जारी कर सदर SHO अंजू कुमारी व अकलेरा SHO नंदकिशोर वर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं इंटेलिजेंस अधिकारी भंवरलाल को 6 दिन पहली ही सस्पेंड कर दिया गया था।
वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद से पूरे मामला सामने आया था कि पुलिस जिसे गिरफ्तारी बता रही थी, असल में वो तस्कर का सरेंडर था। वायरल ऑडियो की बातचीत में सदर SHO अंजू कुमारी निलंबित इंटेलिजेंस अधिकारी को ये कहती भी सुनाई दे रही थी कि SP साहब ने कहा है कि इस तस्कर को पकड़कर थाने नहीं लाना है, इसे तो उड़ाना है।
इसके अलावा सामने आया था कि इंटेलिजेंस अधिकारी भंवरलाल सदर SHO अंजू कुमारी के दबाव के बाद जब तस्कर को सरेंडर के लिए तैयार कर थाने लेकर आ रहा था। इस दौरान इस बात की पूरी जानकारी वो फोन पर बार-बार सदर SHO अंजू कुमारी को भी दे रहा था। जैसे ही वह थाने पहुंचने वाला था, उससे पहले ही सदर SHO अंजू कुमारी ने पुलिस टीम भेजकर बीच रास्ते में ही तस्कर गणेशराम को गिरफ्तार करवाया और उसके साथ में इंटेलिजेंस अधिकारी भंवरलाल को भी पकड़ लिया।
