नागौर। आरएलपी संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल नागौर जिले के निवासियों की विद्युत व पेयजल से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को विशेष जन सुनवाई करेंगे। यह जन सुनवाई सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बेनीवाल के नागौर स्थित आवास पर चलेगी।
इस बीच रविवार को बेनीवाल से सुजानगढ़ से विधानसभा उप चुनाव में आरएलपी उम्मीदवार रहे सीताराम नायक के नेतृत्व में आरएलपी महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री विद्या चौधरी,चूरू की जिला अध्यक्ष सरोज नायक के साथ प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं व पार्टी के विस्तार को लेकर चर्चा की।
नियमित जन सुनवाई में मेघवाल समाज के जिला अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव बी एल भाटी व अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के कोषाध्यक्ष गुमानाराम मेघवाल व आरएलपी प्रदेश मंत्री अनिल बारूपाल ने सांसद से मिल डीडवाना में समाज के भवन निर्माण की मांग की जिस पर सांसद ने 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मॉडल को लेकर मुलाकात
नागौर जिले के डीडवाना क्षेत्र के प्यावा निवासी 17 वर्षीय सुनील बुरड़क ने सांसद से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें फ्यूल लेस जनरेटर का मॉडल दिखाया व इस मॉडल के पेटेंट आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने कहा, इस मामले में वो दिल्ली में विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग तथा आईसीएआर दिल्ली के निदेशक से चर्चा करेंगे।

