Headlines

जरूरी खबर: 1 जुलाई से बैंक सर्विस और गैस सिलिंडर तक, कार और बाइक खरीदना होगा महंगा

नई दिल्ली: एक जुलाई 2021 यानी कल से देशभर में कई बदलाव होने वाले हैं। इनका सीधा असर आपकी पॉकेट और जिंदगी पर पड़ेगा। इसलिए जरूरी है कि नियमों की जानकारी पहले ही अपने पास रखें। 1 जुलाई से IDBI और SBI बैंक से पैसा निकालना महंगा होने वाला है। एक ओर जहां इन नए नियमों से आपको राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अगर आपने कुछ बातों का ध्यान नहीं रखा, तो आपको आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।

SBI के नए नियम 

1 जुलाई से ATM से पैसा निकालने और चेकबुक का इस्तेमाल करने पर ग्राहकों को एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा। बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD ) अकाउंट पर ये सब नियम लागू होंगे। SBI के ATM या बैंक ब्रांच से 4 बार पैसा निकालना फ्री होगा। इसके बाद यानी फ्री लिमिट के बाद कैश निकालने पर 15 रुपए और GST देना होगा।

इसके अलावा अब चेक बुक लेने के लिए भी आपको ज्यादा चार्ज देना होगा। SBI एक वित्त वर्ष में 10 चेक मुफ्त देगा। इसके बाद 10 चेक वाली चेकबुक के लिए आपको 40 रुपये के साथ जीएसटी का भुगतान करना होगा। वहीं 25 चेक वाली चेकबुक के लिए ग्राहकों से 75 रुपये के साथ जीएसटी वसूला जाएगा। इसके साथ ही 10 चेक वाली इमरजेंसी चेकबुक के लिए 50 रुपये के साथ जीएसटी का भुगतान भी करना होगा। हालांकि वरिष्ठ नागरिकों को चेकबुक पर नए सर्विस चार्ज से छूट दी गई है।

IDBI के ग्राहकों को हर साल सिर्फ 20 पन्ने की चेकबुक मिलेगी मुफ्त

IDBI बैंक 1 जुलाई से चेक लीफ चार्ज, सेविंग अकाउंट चार्ज और लॉकर चार्ज में बदलाव करने जा रहा है। बैंक ने नकद जमा (होम और नॉन-होम) के लिए मुफ्त सुविधा को सेमी अर्बन और रूरल ब्रांचों में मौजूदा 7 और 10 बार से घटाकर 5-5 बार कर दिया है। इसके अलावा ग्राहकों को अब हर साल ग्राहकों को हर साल सिर्फ 20 पन्ने की चेकबुक ही मुफ्त मिलेंगी। उसके बाद प्रत्येक चेक के लिए ग्राहकों को पांच रुपये का भुगतान करना होगा। हालांकि, सेविंग अकाउंट के तहत आने वाले ग्राहकों पर नई व्यवस्था लागू नहीं होगी और उन्हें एक साल में निशुल्क असीमित चेक मिलते रहेंगे। इसके अलावा सीनियर सिटीजंस को लॉकर पर मिलने वाला डिस्काउंट तभी मिलेगा जब उनका मंथली एवरेज बैलेंस (MAB) 10 हजार होगा।

बदलेगा सिंडिकेट बैंक का IFSC कोड

सिंडिकेट बैंक, कैनरा बैंक में मर्ज हो चुका है। इसलिए केनरा बैंक ने ग्राहकों को सूचित किया है कि सिंडिकेट बैंक का IFSC कोड एक जुलाई 2021 से अमान्य हो जाएगा। सिंडिकेट बैंक के ग्राहकों को अब अपनी बैंक शाखा के लिए नए IFSC कोड लेना होगा।

बदलेंगे गैस सिलिंडर के दाम

तेल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में एलपीजी सिलिंडर के दामों की समीक्षा करती है। 1 जुलाई 2021 से देश में रसोई गैस सिलिंडर की कीमत बदल जाएगी।

आधार की तर्ज पर ज्वेलरी के हर नग की यूनिक पहचान होगी अनिवार्य

गहने चोरी हो जाएं या कहीं गुम जाएं, अगर यह गलाए नहीं गए हैं तो इनके वास्तविक मालिक की पहचान आसानी से हो सकेगी। दरअसल, जिस तरह देश के सभी नागरिकों की पहचान आधार कार्ड में यूआईडी के जरिए की गई है, ठीक उसी तरह सरकार 1 जुलाई से ज्वेलरी के हर नग की विशिष्ट पहचान (यूआईडी) अनिवार्य बनाने जा रही है।

मारुति और हीरो मोटोकॉर्प बढ़ाएंगी वाहनों के दाम

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी 1 जुलाई से अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला कर चुकी है। इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प भी एक जुलाई से अपनी बाइक्स और स्कूटर के दाम बढ़ाने जा रही है। हीरो के इस कदम के बाद बाकी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनियां भी जल्द ही अपने वाहनों के दामों में बढ़ोतरी करने का एलान कर सकती हैं। कंपनी की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक हीरो मोटोकॉर्प आगामी एक जुलाई से अपने स्कूटर और बाइक्स की कीमतों में 3000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी।

छोटी बचत स्कीम की ब्याज दरों में हो सकती है कमी

छोटी बचत यानी स्मॉल सेविंग स्कीम में निवेश करने वालों को झटका लग सकता है। सरकार ने अप्रैल-जून तिमाही के लिए भी मार्च में इनकी ब्याज दरों में कटौती की थी। लेकिन बाद में इस कटौती को वापस ले लिया गया था। PPF, सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र, सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम, नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट, मंथली इनकम स्कीम, टाइम डिपॉजिट और रिकरिंग डिपॉजिट स्कीम स्मॉल सेविंग स्कीम में आती हैं।

लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन

लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब आपको आरटीओ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन आवेदन करने के साथ ही घर से ही टेस्ट भी दिया जा सकेगा। टेस्ट में पास होने के बाद लर्निंग लाइसेंस आपके घर पहुंच जाएगा। हालांकि स्थाई लाइसेंस के लिए ट्रैक पर वाहन चलाकर दिखाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *