जैसलमेर: जैसलमेर में मंगलवार को इतने ओले गिरे कि धोरों में बर्फ की चादर जम गई। ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हुआ। जोधपुर में भी बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश और ओले गिरने से तापमान में भी गिरावट आई, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया।
स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक पोकरण के गांव छाया, टोटा, अजासर और बरड़ाना में खेतों व मैदानी इलाकों में चारों तरफ ओले की सफेद चादर देखने को मिली। इससे पहले जैसलमेर, जोधपुर में सुबह से बादल छाए हुए थे और हल्की बूंदाबांदी हुई।
जिले में मंगलवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी जीरा, ईसबगोल, रायड़ा, गेंहू व चने की फसल को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मावठ फसलों के लिए फायदेमंद है, लेकिन ओलावृष्टि ने सारी मेहनत को नष्ट कर दिया। खेतों में खड़ी फसल फसलों को ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।

