श्रीगंगानगर: टोक्यो पैरा ओलंपिक में शूटिंग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली जयपुर की अवनि लखेरा को एक तरफ जहां देश भर से बधाइयां मिल रही है वहीं उनके पिता प्रवीण लखेरा को भी श्रीगंगानगर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
प्रवीण अवनि के पिता हाल ही में श्रीगंगानगर में RAAO की पोस्ट पर पदस्थापित होकर आए हैं। गौरतलब है कि टोक्यो पैरा ओलंपिक में जयपुर की अवनी लखेरा ने 10 मीटर एयर राइफल प्रतिस्पर्धा में क्लास एच एच में प्रथम रहकर गोल्ड मेडल हासिल किया है । फाइनल में उसने 249.6 अंक बनाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर पहला स्थान हासिल किया है और इसी प्रतिस्पर्धा में चीन ने दूसरे तथा यूक्रेन ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
सर्किट हाउस में अवनी के पिता प्रवीण ने बताया कि अवनी के गोल्ड का सफर आसान नहीं रहा था । एक दुर्घटना में पैरालाइसिस होने के बाद वह निराश हो चली थी, लेकिन धीरे-धीरे उसने अपना हौसला बढ़ाया और उसे बिजी रखने के लिए उन्होंने उसे राइफल लाकर दी। उसने कड़ी मेहनत की और आज वह गोल्डन गर्ल बन गई है।अवनी के साथ उसकी माता भी वहां उसकी सहायता के लिए साथ है। प्रवीण ने बताया कि उन्होंने अवनी के लिए यह जरूर सोचा था कि वह पदक जरूर हासिल करेगी मगर गोल्ड मेडल हासिल कर उसने सभी का सर गर्व से ऊंचा कर दिया है ।
