Headlines

गोगामेड़ी और उसके आसपास 10 हजार पौधे लगाने के अभियान की जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने की शुरूआत 

गोगामेड़ी और उसके आसपास 10 हजार पौधे लगाने के अभियान की जिला कलक्टर श्री नथमल डिडेल ने की शुरूआत 

हनुमानगढ़। गोगामेड़ी और उसके आस-पास के गांवों में 10 हजार पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत गुरूवार को गोगामेड़ी पैनोरमा से की गई। गोरक्ष टीला प्रंन्यास के महंत और ग्राम पंचायत गोगामेड़ी के सरपंच महंत रूपनाथ के द्वारा गोगाजी पैनोरमा में आयोजित विशाल पौधरोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  जिला कलक्टर नथमल डिडेल थे। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर और महंत रूपनाथ द्वारा गांव भरवाना, गोगामेड़ी, लनाना उत्तरादा के राजकीय विद्यालयों के लिए पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए औषधीय पौधा का भी वितरण किया गया।

जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने अपने संबोधन में महंत रूपनाथ द्वारा पिछले वर्ष से शुरू किए गए पौधरोपण अभियान को विशेष और प्रेरणादायक अभियान बताते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और मानव जाति के संरक्षण को लेकर हमें पेड़-पौधों की सख्त जरूरत है।इससे हमें स्वच्छ हवा और शुद्ध वातावरण मिलता है। गोगामेड़ी में जो सघन पौधरोपण के अभियान की शुरूआत की गई है। वह सराहनीय है। पौधों को लगाने के साथ साथ इनकी सार संभाल भी पूरी की जाए।कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकार रामकुमार नाथ एंड पार्टी की सांस्कृतिक प्रस्तुति को भी जिला कलेक्टर ने सराहा और लोक कला के संरक्षण हेतु लगातार प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में महंत रूपनाथ ने जिला कलक्टर का स्वागत करते हुए बताया कि गोगामेड़ी में गत वर्ष पर्यावरण की सुरक्षा और आवश्यकता को देखते हुए पौधरोपण अभियान शुरू किया गया था। इसके अंतर्गत सभी सरकारी कार्यालयों और घर- घर पौधा वितरण के तहत कुल 3500 पौधे लगाए गए थे। जिनमें से लगभग सभी पौधे आज अच्छी स्थिति में हैं। इसकी सफलता को देखते हुए और इस वर्ष राज्य सरकार के घर-घर औषधीय पौधा अभियान को देखते हुए औषधीय पौधों सहित लगभग 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसके अंतर्गत गुरूवार को कुल 2100 पौधे विभिन्न जगहों पर लगाए गए। पौधारोपण के लिए गोगाजी पैनोरमा स्थल को मॉडल के रूप में चुना गया है। जहां हमने सघन वृक्षारोपण की शुरुआत की है। पैनोरमा को चुनने के पीछे हमारा उद्देश्य गोगाजी पैनोरमा की वर्तमान दशा को सुधार करते हुए उसका सौंदर्यीकरण करना, पर्यटन केंद्र के रूप विकसित करना व इसे एक आदर्श पैनोरमा बनाने का है।

कार्यक्रम में महंत रूपनाथ ने जिला कलेक्टर को ग्राम गोगामेड़ी की विभिन्न मांगों को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा जिसमें 7 जीजीएम राजस्व ग्राम में खाला निर्माण की स्वीकृति जारी करने, गोगामेडी सीएचसी हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति और स्टाफ लगाने, मेले की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण करने, गुरु गोरखनाथ जी और गोगाजी मंदिर के परिक्रमा मार्ग को पूर्ण करने और मेला क्षेत्र के क्रमबद्ध और सुचारु विकास करने की मांग शामिल थी।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर नथमल डिडेल, गोगामेड़ी सरपंच महंत रूपनाथ,नोहर तहसीलदार हरिकिशन मीणा, नायब तहसीलदार कालूराम नायक,राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल विश्व मोहन शर्मा, आईदान हुडा, बनवारी गोदारा, पीएचईडी के अधिशाषी अभियंता ताराचंद पिलानिया, रेंजर मोहर सिंह मीणा, पूर्व सरपंच जगदीश सिंह, उपसरपंच सुलेखन सिंह, मूल सिंह, कैप्टन बलबीर सिंह, कृष्ण वालिया, भवानी सिंह, लखविंदर, विश्वजीत सिंह, शिक्षक नरेन्द्र शर्मा, शिव भगवान ढाका, रविंद्र सिंह, हनुमान, अभिषेक शर्मा, धर्मपाल गोदारा, अंग्रेज सिंह,  जगदीश, गोविंद बावरा, रोहिताश बावरा सहित वरिष्ठ ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *