सवाई माधोपुर: दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर मलारना और मखौली स्टेशन के बीच कोटा से चलकर हजरत निजामुद्दीन को जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों के पत्थर फेंकने का मामला सामने आया। जनशताब्दी एक्सप्रेस की इंजन वाली खिड़की पर लगे शीशे पथराव में टूट कर गिर गए। लोको पायलट और सहायक लोको पायलट चोटिल होने से बाल-बाल बच गए।
मलारना स्टेशन मास्टर ने बताया कि कोटा से चलकर हजरत निजामुद्दीन को जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन पर सुबह पौने आठ बजे मलारना और मखौली स्टेशन के बीच पीलवा नदी के सामने अज्ञात लोगों ने ट्रेन के इंजन पर पथराव किया गया। जिससे ट्रेन के इंजन की खिड़की के शीशे टूट गए। इस दौरान कोटा मुख्यालय से ट्रेन लेकर आ रहे लोको पायलट राकेश भार्गव और सहायक लोको पायलट चोटिल होने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पायलट ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसी के साथ ही गंगापुर सिटी स्टेशन पर पायलट ने आरपीएफ को घटना की जानकारी दी।
