Headlines

सर्वे भवन्तु सुखिन: है सनातन का मूल तत्व – प्रो गौरव वल्लभ

सर्वे भवन्तु सुखिन: है सनातन का मूल तत्व - प्रो गौरव वल्लभ

उदयपुर। विप्र वाहिनी उदयपुर के तत्वावधान में शहर के हिरण मगरी स्थित स्वागत वाटिका में चल रही सनातन पाठशाला में रविवार को प्रसिद्ध चिन्तक व विचारक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सनातन धर्म का मूल सर्वे भवन्तु सुखिनः की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें वसुधैव कुटुंबकम का भाव रखते हुए प्राणी मात्र के कल्याण के लिए मन, वचन और कर्म से कार्य किया जाता है।

उन्होंने अवसाद से जूझ रहे पूरे विश्व को सकारात्मक रहने के लिए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने हेतु आह्वान किया। उन्होंने कहा की वैदिक गणित और वैदिक विज्ञान सनातन संस्कृति की अनमोल धरोहर है जो वर्तमान समय में नवीन पीढ़ी के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

सर्वे भवन्तु सुखिन: है सनातन का मूल तत्व - प्रो गौरव वल्लभ

विप्र वाहिनी के प्रदेश महासचिव डॉ. विक्रम मेनारिया ने बताया सनातन पाठशाला में इस रविवार से आरंभ की गई आत्म रक्षा प्रशिक्षण कक्षा में सभी वर्ग के प्रतिभागियो ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मार्शल आर्ट प्रशिक्षक किशन ने आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए बताया कि प्राचीन काल में बिना शस्त्र के अपनी रक्षा के लिए यह कला निःयुद्ध के रूप में प्रचलित थी। पाठशाला का आरंभ स्वामी श्री गोविंद देवगिरी जी की शिष्या संतोष दीदी द्वारा श्रीमद् भगवत गीता के 12वें अध्याय के श्लोक अभ्यास और प्रेरक प्रसंग द्वारा किया गया।

वाणी वैशिष्ट्य पर वैदिक विदुषी डॉ. रेनू पालीवाल ने प्रिय, मधुर और सत्य वाणी बोलने हेतु महर्षि मनु के श्लोक की व्याख्या की। नई डगर पर अनवरत चलने की प्रेरणा प्रेरक गीत के अभ्यास द्वारा पं कमलेश वैष्णव की गई। हिमालियन समर्पण ध्यान, उदयपुर की आचार्या डॉ. शीतल जोशी द्वारा ध्यान का अभ्यास करवाया गया। संस्कार पुरोहित डॉ भूपेन्द्र शर्मा द्वारा प्रशिक्षार्थियों को प्रतिदिन एक श्रेष्ठ कर्म करने और नित्य पांच बार गायत्री महामंत्र जप करने का संकल्प दिलवाया गया। पाठशाला में ज्योतिषाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, शिक्षाविद् गोपाल कनेरिया, लोकेश आचार्य, योगाचार्य देवाराम राजपुरोहित,प्रदीप नागदा,विप्र वाहिनी के उपाध्यक्ष डॉ. भूपेश चौबीसा ने विचार व्यक्त किए। यह पाठशाला सर्व समाज के सभी वर्गों के लिए विप्र वाहिनी द्वारा सेक्टर 4 स्थित स्वागत वाटिका में प्रत्येक रविवार को प्रातः 10.30 बजे निःशुल्क आयोजित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *