उदयपुर। जनता सेना के राष्ट्रीय संयोजक एवं वल्लभनगर से पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर ने कल वर्षा, तूफ़ान और ओलावृष्टि से मेवाड़ में हुए फसलों के नुकसान का आकलन कर मुआवज़ा की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस सम्बंध में पत्र भी लिखा है जिसमे कहा गया है कि पिछले वर्ष की बेमौसम की बारिश ने ख़रीफ़ की फसलों के साथ-साथ चारा भी नष्ट कर दिया था।
किसान उससे उबरते उससे पूर्व ही कल सम्पूर्ण मेवाड़ क्षेत्र में तूफ़ान व भारी वर्षा ओलावृष्टि के साथ हुई जिससे पूरी फसलें बर्बाद हो गई। सरसों, चना, गेहूं व अफ़ीम की फसले तो लगभग नष्ट ही हो गईं हैं । पहले से कोरोना काल की मार झेल रहे किसानों को इससे संभलने में बड़ी दिक़्क़त होगी। जहां फसलें बचीं है वहाँ भी तूफ़ान के कारण आड़ी पड़ गई है। भींडर ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे राजस्व विभाग को तुरन्त आकलन करने का आदेश दे तथा आकलन होते ही मुआवज़ा देने की प्रक्रिया प्रारंभ करावें।
