बूंदी: जिले के डाबी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में खड़े ट्रक के ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक उस दौरान अपने ट्रक के तिरपाल का रस्सा कस रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में शिवपुरी मध्यप्रदेश निवासी माधव सिंह (34) की मौत हो गई। वह ट्रक चलाने का काम करता था। रविवार रात को वह ट्रक लेकर उदयपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे हाइवे 27 पर पटियाल के पास ट्रक का तिरपाल उड़ने लगा। जिसे देखकर ड्राइवर माधव सिंह ने ट्रक को रोड किनारे रोका। ट्रक खड़ा कर ड्राइवर माधव तिरपाल के रस्से कस रहा था।
इसी दौरान पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक खड़े ट्रक में जा घुसा। दोनों ट्रकों के बीच दबने से माधव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाले ट्रक का ड्राइवर मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है।
