Headlines

सरकार का पूरा फोकस ऑक्सीजन प्लांट लगाने और गैस टैंकर खरीदने पर

ashok gehlot impactvoicenews.jpg1

जयपुर। कोविड संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की अत्याधिक आवश्यकता के दृष्टिगत राज्य सरकार प्रदेश को मेडिकल ऑक्सीजन की पूर्ति के लिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में अधिकाधिक ऑक्सीजन प्लांट लगाने तथा कॉन्सन्ट्रेटर आदि उपकरणों की खरीद की त्वरित योजना बनाकर इसे समयबद्ध रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने 
सीएम गहलोत सोमवार रात को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कोविड संक्रमण, ऑक्सीजन गैस एवं कॉन्सन्ट्रेटर, टैंकरों की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर उच्च स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ-साथ उद्योग, नगरीय विकास, स्वायत्त शासन विभाग और जिला प्रशासन नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने अथवा करवाने और ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर की खरीद के लिए समन्वित प्रयास करें।

ऑक्सीजन की कमी को जल्द से जल्द पूरा किया जाये
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में कोविड रोगियों के लिए ऑक्सीजन की जरूरत को पूरा करने में ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर उपयोगी साबित हो सकते हैं। इनकी जल्द-से-जल्द खरीद की जाए और आयात करने के लिए विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों का भी सहयोग लिया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिपिंग तथा अन्य कारणों से इनके पहुंचने में विलम्ब नहीं हो।

जामनगर और भिवाड़ी से मिल रही ऑक्सीजन
गहलोत ने निर्देश दिए कि अधिकारी जामनगर और भिवाड़ी से मिल रही ऑक्सीजन गैस की आपूर्ति को जल्द-से-जल्द अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए संबंधित कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें, ताकि जामनगर सहित अन्य दूरस्थ स्थानों से ऑक्सीजन का शीघ्र उठाव भी संभव हो सके।

उन्होंने बताया कि सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने फोन पर प्रदेश को ऑक्सीजन के उठाव के लिए अतिरिक्त टैंकर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने बताया
नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि प्रदेश के बड़े शहरों में नगरीय विकास विभाग तथा यूआईटी के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। कुछ जगह तो इसके लिए भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। आने वाले दिनों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्लांट स्थापित करने के लिए कार्यादेश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्वायत्त शासन विभाग आमजन को कोविड अनुशासन के प्रति जागरूक करने तथा मास्क वितरण के कार्याें में और तेजी लाएगा।

ऑक्सीजन प्लांट अस्पतालों के आस स्थापित किये जाये
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने नए ऑक्सीजन प्लांट जहां तक संभव हो जिला अस्पतालों के आस-पास स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से ऑक्सीजन के परिवहन में लगने वाले समय की बचत होगी तथा अस्पताल में पाईप के माध्यम से ऑक्सीजन की सप्लाई की जा सकेगी और इसकी छीजत कम होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *