उदयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शैक्षणिक इकाई विद्या भारती के तत्वावधान में पूरे देश भर में संचालित विद्यालयों में विशेष वृक्षारोपण अभियान का आगाज हुआ। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद चित्तौड़ प्रांत के संयोजक डॉ. विक्रम मेनारिया ने बताया कि इसके अंतर्गत वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पर्यावरण की विशेष महत्ता को देखते हुए ऐसे पौधे जो सर्वाधिक मात्रा में ऑक्सीजन देने के साथ ही जिनका औषधीय,धार्मिक, सांस्कृतिक महत्त्व भी हो ऐसे पौधों का वृक्षारोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में पीपल, वटवृक्ष,अशोक,बिल्व एवं आंवला के पौधों के पौधें रोपे गए।
डॉ.मेनारिया ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए हिरण मगरी स्थित विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमे उपस्थित समस्त पूर्व विद्यार्थियों एवं गुरुजनों ने न्यूनतम 11 पौधे रोपने एवं इनकी पूर्ण सुरक्षा करते हुए पुष्पित पल्लवित करने का संकल्प लिया। बतौर मुख्य वक्ता विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के संगठन मंत्री गोविंद कुमार ने ऑनलाइन वेबिनार में जुड़े हुए पूर्व विद्यार्थियों एवं गुरुजनों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने की महत्ती जिम्मेदारी युवा वर्ग की है।

युवाओं को इस जिम्मेदारी को निभाने का आह्वान किया
विद्या भारती उदयपुर जिला मंत्री भंवर लाल शर्मा का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। ऑनलाइन कार्यक्रम का संयोजन उदयपुर जिला संस्कार केंद्र प्रभारी प्रभात आमेटा ने किया एवं आभार प्रदर्शन स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेंद्र सिंह राव द्वारा किया गया।
ऑनलाइन वेबीनार में विद्या भारती संस्थान के पदाधिकारी ओम, पूर्व आचार्य अशोक कुमार जैन, नरेश नागदा, गिरीश,प्रवीण शर्मा का सानिध्य रहा। पर्यावरण दिवस को लेकर पूर्व विद्यार्थी विनोद लोहार, सौरभ गोलछा, नितिन सियाल, अतुल शर्मा ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
