जयपुर : प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। धरियावद के मुकाबले वल्लभनगर में लोगों में मतदान को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है। सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मतदाता अपना वोट देते नजर आए। उदयपुर की वल्लभनगर विधानसभा में सुबह 11 बजे तक 23.3 % और धरियावद विधानसभा में 27.13% मतदान हुआ।

प्रशासन और पुलिस नकार रहा झड़प को
उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा में उपचुनाव के दौरान बंबोरा गांव में कांग्रेस और जनता सेना के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। 200 मीटर की परिधि में पोलिंग बूथ को लगाने पर दोनों पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। ऐसे में पुलिस ने दोनों पार्टी के पोलिंग बूथ हटा दिए। समझाइश के बाद मामला शांत कराया। हालांकि प्रशासन और पुलिस इस झड़प को पूरी तरह से नकार रहे हैं।


प्रत्याशियों ने अपना वोट किया कास्ट
वल्लभनगर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे चारों प्रमुख प्रत्याशियों ने अपना वोट कास्ट किया। आरएलपी प्रत्याशी उदय लाल डांगी ने नांदवेल के मतदान केंद्र पर, तो वही हिम्मत सिंह झाला ने वल्लभनगर के वाजमिया में वोट दिया। वहीं दोनों बेटियों के साथ कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति कुंवर ने भी भिंडर के इंग्लिश मीडियम स्कूल में वोट दिया। जनता सेना प्रत्याशी रणधीर सिंह भिंडर ने भी पत्नी दीपेंद्र कुंवर समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इसी स्कूल में वोट दिया।


वल्लभनगर की यह सीट पिछले 10 माह से खाली पड़ी है। मतदान के लिए वल्लभनगर में 310 और धरियावद में 328 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शाम 6 बजे तक दोनों सीटों पर मतदान चलेगा।
अलवर जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव आज
शनिवार शाम 5 बजे जिले के 16 प्रधान और 1 जिला प्रमुख का चेहरा सामने आ जाएगा। सुबह 11 बजे दो प्रमुख नाम सामने आ जाएंगे। इनके बीच में चुनाव होगा। इसी तरह 16 प्रधान के नाम भी सुबह 11 बजे तक पता चल जाएंगे। चुनाव परिणाम के बाद ही जीतने वालों का नाम सामने आएगा। रामगढ़ को छोड़कर अधिकतर जगहों पर करीब-करीब दो लोगों के बीच मुकाबला है। रामगढ़ में निविर्रोध प्रधान भी बन सकता है।