Headlines

मुख्य सचेतक महेश जोशी के घर के बाहर धरना देने पहुंचे उपेन यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया, फिर वापस छोड़ा

जयपुर : REET, सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में हुई धांधली समेत 21 सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे बेरोजगारों के नेता उपेन यादव को शनिवार को पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, उपेन अपने कुछ समर्थकों के साथ मुख्य सचेतक महेश जोशी के घर के बाहर धरना देने पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने उपेन को हिरासत में ले लिया। हालांकि इसके कुछ ही देर बाद उपेन को फिर से रिहा कर दिया गया है। जिसके बाद उपेन फिर से शहीद स्मारक पर 17 दिन से जारी धरने में शामिल हो गए हैं।

सरकार वादाखिलाफी कर रही

राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि महेश जोशी ने आधी रात अस्पताल पहुंच मेरा अनशन तुड़वाया था। उन्होंने बेरोजगारों की सभी मांगों को पूरा करने का वादा किया था। लेकिन अब सरकार वादाखिलाफी कर रही है। ऐसे में आज मैं महेश जोशी के घर के बाहर ही धरना देने पहुंचा था। लेकिन वहां से पुलिस ने मुझे जबरदस्ती हिरासत में ले लिया। लेकिन पुलिस बेरोजगारों की आवाज को नहीं दबा पाएगी और अब प्रदेशभर के बेरोजगार उग्र आंदोलन करेंगे। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।

यादव ने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ धोखा किया है। कांग्रेस सरकार को आने वाले चुनाव में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उपेन ने कहा कि अगर सरकार ने दीपावली तक बेरोजगारों की मांगों को पूरा नहीं किया गया। तो प्रदेशभर के बेरोजगार भूख हड़ताल कर काली दिवाली मनाएंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी की रैली में विरोध करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *