नागौर। आरएलपी प्रमुख व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नागौर जिले के मुंडवा में जिस अम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री का लोकार्पण किया, उस पर कई सवाल उठाए तथा साथ ही कहा कि अम्बुजा ने प्रकृति, कृषि व किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा, लोकार्पण के विज्ञापन तक में कंपनी ने न तो नागौर और न ही मुंडवा का कोई नाम दिया, ऐसे में जो कम्पनी स्थानीय क्षेत्र के नाम तक की उपेक्षा कर रही है, वो स्थानीय लोगों को रोजगार कैसे देगी। बेनीवाल ने सीएम को किए ट्वीट में भी यहीं बात को विशेष रूप से उठाया है।
बेनीवाल ने सीएम को याद दिलाते हुए लिखा कि एक तरफ आप देश की व्यवस्था में कॉरपोरेट घरानों के हावी होने से पड़ने वाले विपरीत प्रभाव की बात करते हैं, दूसरी तरफ आप स्वयं जनता की भावनाओ को अनदेखा करके स्वयं कॉरपोरेट के भंवर जाल में आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववती राज्य सरकार के कार्यकाल में जब कांग्रेस विपक्ष में थी।
तब वो भी राजस्थान की विधानसभा में विपक्ष के सदस्य के रूप में ही भूमिका निर्वहन कर रहे थे और लगातार इस कम्पनी के विरुद्ध तथ्यों के साथ सदन में आवाज उठाता रहा हूं कि किस तरह अम्बुजा ने वर्षो से लैंड बैंक बनाकर व गलत तथ्यों को प्रस्तुत करके पर्यावरण अनापत्ति हासिल की और पूर्ववर्ती सरकार ने कार्यवाही करने के स्थान पर जाते-जाते इसके निर्माण करने की अवधी को और बढ़ा दिया।
आज राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री @ashokgehlot51 ने नागौर जिले के मुंडवा में जिस निर्माणाधीन अम्बुजा सीमेंट फैक्ट्री का लोकापर्ण किया,उस लोकापर्ण के विज्ञापन में कंपनी ने न तो नागौर और न ही मुंडवा का कोई नाम दिया
1/1— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) August 21, 2021
जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तब भी कंपनी के कारनामों को रालोपा ने विधानसभा में रखा मगर यह दुर्भाग्य है कि सीएम ने जनता के मानस को अनदेखा करके एक निजी कंपनी की उस फैक्ट्री का उदघाटन किया जिसने पर्यावरण, क्षेत्र की जनता व किसानों के हितों से खिलवाड़ किया है। इससे जाहिर है कि दोनों दलों की सरकारों में भारी भ्रष्टाचार हुआ तभी तथ्यों की अनदेखी की गई।
सांसद ने आरोपो को दोहराते हुए लिखा कि अम्बुजा सीमेंट कम्पनी ने निर्माण इकाई की स्थिति, मुंडवा से शहर की दूरी गलत दर्शा कर, जल की उपलब्धता,जैव विविधता,लैंड यूज एंड लैंड कवर तथा कृषि पर होने वाले हानिकारक प्रभावों के आंकलन में विसंगतिया पाई जाने के बावजूद पर्यावरण अनापत्ति हासिल कर ली,जबकि आज न केवल राजस्थान बल्कि पूरा विश्व बढ़ते औद्योगीकरण के कारण जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।
ऐसे में सीएम गहलोत यदि जनता की आवाज पर कम्पनी द्वारा प्रस्तुत गलत तथ्यों की जांच करवाते व कार्यवाही करते तो एक स्वच्छ संदेश जनता में जाता। उन्होंने हाल ही में अम्बुजा कम्पनी द्वारा रॉयल्टी चोरी से जुड़े मामले में राज्य के खान निदेशालय द्वारा कम्पनी पर लगाए गए करोड़ो रुपये जुर्माने का भी जिक्र किया और कहा कि कंपनी स्थानीय लोगो को रोजगार उपलब्घ करवाने में भी नाकाम रही है।
