नागौर: शादी के वेन्यू की तरह सजावट और 56 तरह के स्टॉल। इसमें काजू-बादाम से लेकर सभी तरह के मेवे और मिठाइयां। यह नजारा किसी शादी का नहीं, बल्कि नागौर की एक गौशाला का था। रविवार को गायों के लिए स्पेशल मेन्यू तैयार कर 560 किलो का छप्पन भोग लगाया गया। यह कार्यक्रम प्रवासी परिवार की ओर से किया गया था। रविवार को नागौर के डाबड़ी गांव स्थित संत श्री मुक्ति राम गौशाला में यह भव्य आयोजन हुआ। कोलकाता से आए दिलीप कुमार राजगढ़िया के परिवार की ओर से इसका आयोजन किया गया था। गायों के लिए बड़ी संख्या में स्टॉल लगाए गए थे। सब्जी, फल, मेवे और मिठाई के साथ कई तरह के पकवान सजाए गए थे।
परिवार की इच्छा थी, इसलिए करवाया आयोजन
कोलकाता निवासी दिलीप कुमार राजगढ़िया ने कहा कि संत श्री मुक्ति राम गौशाला से उनका पुराना संबंध है। उन्हें बताया कि लंबे समय से उनकी गौ माता के लिए छप्पन भोग करने की इच्छा थी। इसलिए सपरिवार यहां पहुंचे और छप्पन भोग कार्यक्रम का आयोजन करवाया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में गौ माता की सेवा और उन्हें अपने हाथों से भोजन कराने के बाद उनका और पूरे परिवार का मन प्रसन्न है।
