Headlines

पंचतत्व में विलीन हुए मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत किशोरपुरी महाराज, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसमूह

दौसा : मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत किशोरपुरी महाराज की पार्थिव देह को सोमवार को अंतिम दर्शनों के लिए समाधि स्थल पर रखा गया। जहां बड़ी तादाद में भक्तों द्वारा उनको पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इससे पहले बालाजी मंदिर के महंत निवास से किशोरपुरी महाराज की अंतिम यात्रा गाजे-बाजे के साथ मंदिर की परिक्रमा करते हुए समाधि स्थल पहुंची। उनके उत्तराधिकारी महंत नरेशपुरी महाराज समेत परिवार के लोगों ने अर्थी को कांधा देकर अंतिम विदाई दी। उल्लेखनीय है कि महंत का लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया था।

महंत की अंतिम यात्रा में सैकड़ों की तादाद में स्थानीय लोगों समेत दूर-दराज के लोग शामिल हुए। जगह-जगह पुष्प वर्षा करते हुए बड़ी तादात में भक्तों व स्थानीय लोगों ने नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी। समाधी स्थल पर संत परंपरा के अनुसार उनकी पार्थिव देह को पंचतत्व में विलीन किया गया।

मंत्री समेत कई लोग पहुंचे

महंत को अंतिम विदाई देने के लिए महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री ममता भूपेश, पूर्व मंत्री रामस्वरूप मीणा, पूर्व प्रधान कुंजीलाल मीणा, भाजपा नेता सत्यनारायण जैमन समेत विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे।

अब नरेशपुरी होंगे मंदिर के महंत

55 साल बाद अब नरेशपुरी गोस्वामी मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत की गद्दी पर आसीन होंगे। ये महंत किशोरपुरी के बड़े भाई रामस्वरूप गोस्वामी के बड़े बेटे हैं, जिन्हें बाल्यकाल में ही किशोरपुरी महाराज ने अपने उत्तराधिकारी के लिए गोद ले लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *