झालावाड़ : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोटा (ACB Kota) की टीम ने झालावाड़ में जेल के एक जेलर को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवादी से उसकी जेल में बंद मां से लगातार फोन पर बात करवाने और तंग नहीं करने की एवज में यह रिश्वत ली थी। जेलर करण सिंह ने परिवादी से रिश्वत लेने के लिए परिवादी को एलआईसी बिल्डिंग के नजदीक बुलाया। जिसके बाद ACB की टीम ने जेलर को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
सजा काटने के दौरान नहीं किया जाए परेशान
मामले के अनुसार बारां जिले के रारोती निवासी संतोष मीणा खानपुर इलाके में हुए घटनाक्रम के मामले में झालावाड़ सेंट्रल जेल में बंद है। संतोष मीणा ने अपने बेटे भवानी शंकर को फोन किया था कि जेलर करण सिंह को 20 हजार रुपए पहुंचा दिया जाए, ताकि उसे जेल में सजा काटने के दौरान परेशान नहीं किया जाए। साथ ही लगातार फोन से भी वह संतोष को बात करवाने देंगे।
एसीबी ने किया जेलर करण सिंह को गिरफ्तार
हालांकि भवानी शंकर ने कहा कि उसके पास अभी इतना पैसा नहीं है, जिसके बाद तय हुआ कि वह 10 हजार रुपए की रिश्वत राशि ही जेलर करण सिंह को दे दे। ऐसे में भवानी शंकर ने आज रिश्वत की राशि करण सिंह को उसकी बुलाई गई जगह पर जाकर सौंप दी। उसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने करण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अवैध रूप से घरवालो से बात करवाने और लोगों परेशान करने के मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
