Headlines

सोते पिता को मार डाला, पूछा तो बेटा बोला-परेशान थे जन्नत पहुंचा दिया

सवाई माधोपुर: जिले के खंडार थाना क्षेत्र की बहरावण्डा खुर्द चौकी इलाके में एक बेटे ने अपने पिता के सिर पर लाठी मार कर हत्या कर दी। बहरावण्डा खुर्द चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पिता की हत्या के मामले में आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी बेटे ने पिता की हत्या करना कबूल किया है। उससे पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया तो बोला की अब्बा परेशान थे, इसलिए उन्हें जन्नत भेज दिया।

थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि छाण गांव में रहने वाले इब्राहिम खान (68) की हत्या की गई है। दोपहर करीब ढाई बजे इब्राहिम घर पर सो रहा था। उसका बड़ा बेटा अमीमुद्दीन किसी काम से घर से बाहर गया था। घर में छोटा बेटा कुतुबुद्दीन घर पर ही था। कुतुबुद्दीन ने सोते पिता के सिर पर लाठी मार कर हत्या कर दी। हमले से इब्राहिम के सिर से खून बहने लगा और दर्द से चिल्लाते हुए वह बेहोश हो गया। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए तो देखा इब्राहिम तड़प रहा था। छोटा बेटा कुतुबुद्दीन उसके पास ही बैठा था। पूछने पर उसने कहा कि अब्बा परेशान थे, इसलिए उन्हें जन्नत भेज दिया। यह सुनकर पड़ोसियों ने इसके बारे में जानकारी बड़े बेटे अमीमुद्दीन को दी। वह भागकर घर पहुंचा और लहूलुहान पिता को निजी वाहन से सवाई माधोपुर हॉस्पिटल लेकर गया। प्राथमिक उपचार के बाद इब्राहिम को जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

पिता की हत्या करने के बाद फरार कुतुबुद्दीन की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने उसे छाण गांव के पास खेतों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूछताछ की तो कुतुबुद्दीन को किसी तरह का पछतावा नहीं था। एसएचओ भगवान लाल का कहना है कि आरोपी किसी तरह से मानसिक रोगी दिखाई नहीं देता है। दिन में वह पांच बार की नमाज अदा करता है। पिता के साथ खेती मे उनका सहयोग करता था। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *