जोधपुर: रातानाडा क्षेत्र में सूर्या ट्वीन टावर के एक फ्लैट में 4 शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। दिल दहलाने वाली इस घटना में परिवार का मुखिया फंदे पर झूलता मिला, जबकि उसकी पत्नी व दो बच्चों के शव नीचे जमीन पर पड़े मिले। पहली नजर में पुलिस को ऐसा लग रहा है कि पत्नी, बेटा व बेटी की हत्या करने के बाद पति ने फंदा लगाकार आत्महत्या कर ली। फिलहाल मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम जांच में जुटी हुई है।
सूर्या ट्वीन टावर में रहने वाले दीनदयाल अरोड़ा (45), उसकी पत्नी 42 साल की सरोज, 13 साल की बेटी हिरल और 7 साल की बेटी तन्वी अपने फ्लैट में मृत पाए गए। दीनदयाल (मृतक पति) की घंटाघर सब्जी मंडी के निकट कपड़े की दुकान है। आज सुबह इनके मकान से बाहर नहीं आने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पड़ोसियों ने 11:30 बजे दीनदयाल के परिवार को आवाज लगाई। एक पड़ोसी ने अंदर का नजारा देखा तो चौंक उठा। अंदर के कमरे में पंखे के हुक से दीनदयाल लटका हुआ था। जबकि दोनों बच्चे व उसकी पत्नी नीचे लेटे हुए थे।
मौके पर एकत्र होने लगी भीड़
थोड़ी देर में मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई. इस बीच सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक साथ चार लोगों के मरने की सूचना मिलते ही आला अधिकारी भी वहां पहुंच गए। अंदर की जांच कर रही पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उनका यह मानना है कि पत्नी व बच्चों को पहले जहरीला पदार्थ खिलाया गया लग रहा है। इसके बाद तीनों का गला दबाकर मारा हुआ लग रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि दीनदयाल ने तीनों को मार आत्महत्या कर ली।
