जयपुर। सचिन पायलट के बाद अब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन किया।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ा कार्यक्रम रखा गया है। जन्मदिन की बधाई देने के लिए समर्थकों का दिनभर तांता लगा रहा।
डोटासरा के जन्मदिन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ा मंच लगाया गया। मंच पर डोटासरा आगंतुकों से मिले। डोटासरा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का पद संभालने के बाद पहली बार जन्मदिन पर सियासी शक्ति प्रदर्शन किया है। पिछले साल कोविड के कारण डोटासरा ने जन्मदिन पर लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम रद्द कर दिया था। जन्मदिन के मौके पर भीड़ जुटाने के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
मंत्री-विधायकों ने दी जन्मदिन की बधाई
गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन पर कई नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित कई मंत्रियों और विधायकों ने डोटासरा को जन्मदिन की बधाई दी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने केक खिलाकर डोटासरा को जन्मदिन की बधाई दी।
पायलट समर्थक भी पहुंचे
डोटासरा के जन्मदिन पर हुए कार्यक्रम में सचिन पायलट समर्थक विधायक और नेता भी पहुंचे। पायलट समर्थक विधायक सुरेश मोदी, मुकेश भाकर, रामनिवास गावड़िया, हरीश मीणा डोटासर के जन्मदिन समारोह में पहुंचे, जबकि 7 सितंबर को सचिन पायलट के जन्मदिन पर हुए कार्यक्रम से गहलोत समर्थकों ने दूरी बना ली थी, लेकिन डोटासरा के जन्मदिन समारोह में सभी खेमों के नेता आए। जिलाध्यक्षों और राजनीतिक नियुक्तियों की कतार में लगे कई दावेदार भी डोटासरा के जन्मदिन पर जुटे।

