जोधपुर: शहर के डाली बाई मंदिर क्षेत्र में महज पचास रुपए की उधारी को लेकर दो दोस्तों में तकरार ऐसा बढ़ी कि एक ने जेब से पिस्टल निकाल गोली दाग दी। गनीमत यह रही कि दागी गई दो गोलियों में से एक गोली युवक के कंधे को छूते हुए निकल गई और उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी थाना क्षेत्र के डाली बाई मंदिर के समीप कल दो दोस्त राजूराम मेघवाल व सुनील के बीच उधार दिए गए सौ रुपए को लेकर तकरार हो गई। सुनील ने राजू राम से सौ रुपए उधार लिए थे। इसमें से पचास रुपए उसने वापस लौटा दिए, लेकिन पचास रुपए नहीं दिए।
राजूराम ने सुनील से पचास रुपए मांगे और वह बाद में पैसे देने का कहकर वहां से रवाना होने लगा। इस दौरान तैश में आए राजूराम ने जेब से पिस्टल निकाली और दो गोली दाग दी। इनमें से एक गोली सुनील के कंधे को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली हवा में चली गई। राजूराम के निशाना चूकने से सुनील की जान बच गई।
गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई। बाद में सुनील को अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
