जालोर: एसीबी जालोर की टीम ने सायला में 1.50 लाख रुपए की रिश्वत के साथ ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने पर मुख्य दलाल सरपंच का रिश्तेदार फरार हो गया। आरोपी वीडीओ ने पीड़ित से भवन निर्माण का विवाद दूर करके एनओसी जारी करने की एवज में 2 लाख 40 हजार रुपए मांग थे, लेकिन 1.50 लाख रुपए देने पर समझौता हुआ।
एएसपी महावीर सिंह राणावत ने बताया कि पीड़ित ने शिकायत दी कि उसके भवन निर्माण का विवाद दूर करके एनओसी जारी करने की एवज में ग्राम विकास अधिकारी पूराराम उससे रिश्वत मांग रहा है। इस पर सत्यापन करवाया गया, जिसमें 1.50 लाख रुपए देने पर समझौता हुआ। शिकायत सही पाए जाने पर CI राजेंद्र सिंह और उनकी टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पीड़ित पंचायत समिति परिसर में रिश्वत की रकम देने पहुंचा, तो सरपंच रिश्तेदार विक्रम सिंह ने किसी दूसरे व्यक्ति तग सिंह को भेजा। पीड़ित ने तग सिंह को रुपए देकर इशारा किया तो टीम ने उसे पकड़ लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद टीम ने वीडीओ को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर कार्रवाई की भनक लगते ही सरपंच रिश्तेदार विक्रम सिंह फरार हो गया।
