जैसलमेर: गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान यात्रा के दूसरे दिन 1971 के युद्ध में लोंगेवाला पोस्ट के वीर नायक भैरों सिंह राठौड़ से मिले। उनसे मिलने के बाद शाह ने कहा कि लोंगेवाला से दुश्मनों को खदेड़ने की आपकी वीरता और मातृभूमि के प्रति प्रेम ने देश के इतिहास व देशवासियों के हृदय में एक अपार श्रद्धा का स्थान बनाया है। दरअसल, बीएसएफ के नायक रहे भैरों सिंह 1971 में लोंगेवाला युद्ध के हीरो हैं। अदम्य साहस दिखाने पर उन्हें सेना मैडल से नवाजा गया था। बॉर्डर फिल्म में अभिनेता सुनील शेट्टी ने उनका किरदार निभाया था। फिल्म में हालांकि भैरों सिंह को शहीद बताया गया था, जबकि वे जीवित हैं।
वहीं, बीएसएफ की राइजिंग डे परेड को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि जहां-जहां सीमा पर अतिक्रमण करने का प्रयास हुआ, हमने तुरंत जवाबी कार्रवाई की है। हमारे जवान और सीमा को कोई हलके में नहीं ले सकता। जब उरी और पुलवामा में हमला हुआ तो हमने एयरस्ट्राइक का निर्णय लिया। शाह ने कहा कि ड्रोन प्रतिरोधी तकनीक ईजाद की जा रही है। इस पर काम जारी है। दुनिया की सबसे उच्च तकनीक बीएसएफ को दी जाएगी।
शाह ने कहा कि 35 हजार से ज्यादा जवानों ने अलग-अलग जगह पर बलिदान दिए हैं। इसमें बीएसएफ सबसे आगे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी सीमाओं की सुरक्षा करने वाली हमारी बीएसएफ है। फिर चाहे वो राजस्थान हो या गुजरात। नदियां हो या रेगिस्तान। सेना और सीमा सुरक्षा बल ने लौंगेवाला में एक पूरी टैंक की बटालियन को खदेड़ दिया था। जो आज भी ट्रेनिंग सेंटरों में सिखाया जाता है।
