Headlines

गाड़ी खरीदने जा रहे बाइक सवार दो युवकों पर फायरिंग, दो फायर कर 2.25 लाख रुपये और सोने की चैन लूटी

नागौर: नागौर सदर थाना इलाके के सिंगड़ में रविवार देर रात फायरिंग कर बाइक सवार दो युवकों से लूट की वारदात सामने आई है। इस दौरान गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें JLN हॉस्पिटल पहुंचाया गया। बाद में जोधपुर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नागौर CO विनोद कुमार सीपा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

हमलावरों की तलाश की जा रही है। घायलों ने बयान में पुलिस को बताया कि दो गाड़ियों से आए 5-7 बदमाशों ने उन्हें रोक कर मारपीट की और फायरिंग कर सवा दो लाख रुपये कैश और सोने की चेन लूट ली। हमलावरों व घायल युवकों के बीच पहले से ही लेनदेन को लेकर आपसी रंजिश की बात भी सामने आई है। थोड़े दिनों पहले भी एक शादी समारोह में दोनों गुटों में जमकर कहासुनी हुई थी।

सदर थाना पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट मिली है कि जोशीयाद निवासी जगदीश कालीरावणा व इन्दास निवासी श्याम पूनिया बाइक पर सवा दो लाख रुपये का पेमेंट लेकर फोर व्हीलर खरीदने इन्दास से गुड़ा भगवानदास जा रहे थे। तभी रास्ते मे सिंगड तिराहे पर दो गाड़ियों में सवार सत्तू बागडीया व 5-7 अन्य लोग धारदार हथियार व पिस्टल लेकर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जगदीश व श्याम पर फायर कर दिए। इससे वो दोनों घायल होकर गिर गए। इसके बाद आरोपी दोनों के पास रखे सवा दो लाख रुपये व सोने की चैन लूटकर भाग गये। घटना के बाद राह चलते लोगो ने दोनों को JLN हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां से दोनों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *