कोटा : कोटा रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर दो पर शनिवार सुबह एक के बाद एक हुए धमाकों से हड़कंप मच गया। यहां बिजली की केबल में आग लगने के कारण हो रही स्पार्किंग से धमाके हो रहे थे। घटना के समय प्लेटफार्म पर कोटा-नागदा पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी। यात्री इसमें सवार हो रहे थे। अचानक धमाकों की आवाज सुन दहशत का माहौल चारों ओर फ़ैल गया। मौके पर मौजूद यात्री अपना सामान छोड़कर दूर भागे। करीब 15 मिनट तक बिजली के तारों में धमाके होते रहे। बाद में फायर उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आग लगने की घटना को वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया।
लोगों ने बताया कि घटना सुबह 7 बजे के आसपास की है। शुरुआत में तारों से चिंगारी निकली थी। ट्रेन जाने का समय होने के कारण कई यात्री प्लेटफार्म पर मौजूद थे। चिंगारी की दहशत के मारे यात्री सामान छोड़कर दूर भागे। फिर तारों में आग लग गई। आग धीरे-धीरे बढ़ती गई। धमाके होते रहे। आग से प्लेटफॉर्म शेड की चादरों में जगह-जगह छेद हो गए। धुआं पूरे प्लेटफार्म पर भर गया। आनन-फानन में बिजली बंद की गई। प्लेटफार्म पर जगह-जगह बिजली के तार लटके हुए हैं। दो दिन पहले मंडल रेल प्रबंधक पंकज शर्मा ने निरीक्षण के दौरान इन तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए थे। सीनियर डीसीएम अजय कुमार पाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। मामले की जांच की जा रही है।

