कोटा-झालावाड़: झालावाड़ के झालरापाटन में आज दिनदहाड़े तलवारबाजी होने से शहर में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि पुरानी दुश्मनी के कारण एक गुट के लोगों ने बदमाश सागर कुरैशी नामक युवक को तलवारों, पत्थर व डंडों से जमकर पीटा। उसे 30-40 फीट दौड़ाते हुए मारते रहे। युवक खुद को बचाने के लिए एक दुकान में घुस गया तो लोगों ने दुकान में घुसकर भी तलवारों से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए। तलवारबाजी की घटना गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इधर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घायल सागर कुरैशी ने बताया कि वो झालरापाटन बस स्टैंड के पीछे भार्गव गली में बैठा था, तभी रवि हरिजन, कौशल व शेखर सहित करीब आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे और तलवार सहित धारदार हथियार व सरियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव के आए साथी को भी उन्होंने नही छोड़ा, उसके साथ भी मारपीट की जिसमें साथी के मामूली चोट लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल सागर कुरैशी थाना क्षेत्र का बदमाश है। जिसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज है।आरोपियों और घायल युवक के बीच अपराधिक वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। झालरापाटन थाना पुलिस भी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
