दौसा: जिले के मेहंदीपुर बालाजी कस्बे में गुरूवार सुबह आगजनी के हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ पड़े, सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
मंदिर के पास उदयपुरा तिराहे पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग के साथ चिंगारी उठने लगी। जहां देखते ही देखते आतिशबाजी जैसा नजारा बन गया। हादसे के वक्त तिराहे पर बड़ी तादात में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई थी। चिंगारी उठते देख वहां मौजूद लोग इधर-उधर दौड़ पड़े। सूचना पर बिजली सप्लाई बंद कराई व मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
बच गई प्रसाद की दुकानें
उदयपुरा तिराहे पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे प्रसाद की कई दुकानें सजी हुई थी। गनीमत रही कि चिंगारी उठते ही दुकान संचालक मौके से भाग छूटे, नहीं तो एक बार आग पकड़ जाती तो कई दुकानें स्वाहा हो सकती थी।
मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी गिरिराज का कहना है कि ट्रांसफार्मर के नीचे से गुजर रहे वायर में स्पार्किंग के बाद आग लग गई थी, तुरंत दमकल ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पा लिया था कोई जनहानि नहीं हुई है।
