कोटा : उद्योग नगर थाना क्षेत्र में डीसीएम इलाके में भाई द्वारा भाई पर जानलेवा हमले करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गम्भीर हालत में युवक ICU में भर्ती है। जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों में पिता की दुकान पर बैठने को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को शराब के नशे में बड़े भाई महावीर ने छोटे भाई बंटी पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल के पिता रामस्वरूप ने बताया कि उनके डीसीएम इलाके में वैल्डिंग की दुकान है। जिस पर दोनों बेटे महावीर व बंटी भी बैठते है। महावीर के तीन बच्चे है जबकि बंटी के 3 साल की बेटी है। दोनों भाइयों में अक्सर दुकान पर बैठने के लिए झगड़ा होता रहता था। गुरुवार को दोनों बेटे घर पर ही झगड़ रहे थे। एक दूसरे को गाली गलौच कर रहे थे। झगड़ा बड़ा तो महावीर ने बंटी पर चाकू से वार कर दिया। बंटी के पेट में चाकू लगने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस का कहना है कि बंटी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पिता ने भी शिकायत नही दी है। पर्चा बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
