जयपुर : देश की टॉप 23 आईआईटीज की 16 हजार सीटों पर एडमिशन के लिए आयोजित की गई संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2021 में जयपुर के मृदुल अग्रवाल ने इतिहास रचा। उन्होंने न केवल ऑल इंडिया में टॉप किया है, बल्कि 360 में से 348 अंकों के साथ 96.66 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं जो आईआईटी-जेईई प्रवेश परीक्षा में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। यह 2011 के बाद से जेईई एडवांस्ड परीक्षा में किसी छात्र द्वारा बनाए गए उच्चतम स्कोर है।
ऑल इंडिया रैंक- 1 प्राप्त करने वाला छात्र मृदुल अग्रवाल धुन का पक्का है। मृदुल अग्रवाल ने फरवरी जेईई मेन के बाद मार्च में भी 100 पर्सेन्टाइल प्राप्त कर चुके हैं हैं। मार्च जेईई मेन में मृदुल ने 300 में से 300 अंक प्राप्त किए थे।
फाइनल आंसर की जारी
अब जेईई एडवांस 2021 की फाइनल आंसर की आज परिणाम के साथ जारी की गई है। इसके साथ ही आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है।
जोसा की काउंसलिंग प्रक्रिया कल से
आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश के लिए काउंसलिंग ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) की ओर से 16 अक्टूबर से शुरू की जाएगी। रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यार्थी ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी द्वारा 16 अक्टूबर से आयोजित की जा रही काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए पंजीकरण करना शुरू करेंगे। रजिस्ट्रेशन 21 अक्टूबर तक करवाए जा सकेंगे। इसके बाद जोसा द्वारा 6 चरणों में काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जोकि 27 अक्टूबर से शुरू होकर नवम्बर के चौथे हफ्ते तक जारी रहेगी। काउंसिलिंग प्रक्रिया में चुनी गई चॉइस के आधार पर एलॉट हुए संस्थान की फीस छात्रों को तय समय में भरनी होगी।
