बीकानेर: राजस्थान में अगस्त से अक्टूबर के बीच हुए सभी टीचर्स और कर्मचारियों के ट्रांसफर का शिक्षा विभाग ने लेखा जोखा तैयार करने का निर्णय किया है। राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश भेजा गया है। जिसमे पूछा गया है कि उन्होंने अगस्त से अक्टूबर के बीच किस-किस टीचर व कार्मिक का ट्रांसफर या फिर पोस्टिंग की है, उसकी रिपोर्ट दें। इस दौरान नियम विरुद्ध और बिना स्वीकृति के ट्रांसफर किए गए हैं, तो कार्रवाई की जाएगी।
फॉरमेट भेजकर रिपोर्ट मांगी टीचर और कार्मिको की
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड निदेशालय के संयुक्त निदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को एक फॉरमेट भेजकर रिपोर्ट मांगी है। किस किस कार्मिक का ट्रांसफर किया गया है, उसका नाम व पदस्थापन स्थल बताना होगा। ये भी बताना होगा कि तबादले के लिए स्थानान्तरण आदेश क्रमांक क्या थे और किस दिन किए गए। अगर टीचर या कर्मचारी के ट्रांसफर आदेश जारी होने के बाद उसमें संशोधन किया गया है तो उसकी भी रिपोर्ट देनी होगी। किस कर्मचारी के आदेश में क्यों संशोधन किया गया, ये जिला शिक्षा अधिकारी को बताना होगा। सहायक कर्मचारी, कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी व प्रयोगशाला सहायक के ट्रांसफर व पोस्टिंग का रिकार्ड भी देना होगा।
बिना अनुमति के किए गए कुछ ट्रांसफर्स
रिपोर्ट मांगने का कारण बताया जा रहा है कि ट्रांसफर बिना अनुमति किए गए है। वहीं कुछ का ट्रांसफर होने के बाद उसमें फेरबदल कर दिया गया है। संशोधन करने के लिए काेई अनुमति नहीं ली गई। अगर ऐसे मामले में सामने आते हैं तो संबंधित टीचर के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
