बीकानेर: राजस्थान की कांग्रेस सरकार के ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी की मीडिया से बात करते हुए जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। वे राहुल गांधी के साथ के बजाय राहुल गांधीजी के खिलाफ बोल गए।
दो दिन पुराने इस वीडियो के इसी हिस्से को काटकर अब भाजपा समर्थक शेयर कर रहे हैं। महंगाई के खिलाफ बोल रहे भाटी इस वीडियो में उपचुनाव में भाजपा की करारी हार का जिक्र करते हुए कहा कि दो विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी तीसरे व चौथे नंबर पर रहे हैं। वहीं, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता राहुल गांधीजी के खिलाफ लड़ेगा।
बीकानेर में ही भाजपा के कई नेताओं ने भाटी के बयान के उसी हिस्से को काटकर अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। बीकानेर भाजपा के नेता मनीष सोनी व जतिन सहल ने इसे सोशल मीडिया पर डालते हुए भाटी पर कटाक्ष किया है। इनके अलावा भी कई नेताओं ने भाटी के बयान पर चुटकी ली है। आसपास बैठे कांग्रेस नेता भी इस गलती को तुरंत समझ नहीं पाए। किसी भी नेता ने इसके लिए भाटी को नहीं टोका ।
