उदयपुर : जिले के मावली रेलवे स्टेशन पर एक अजीब वाकया देखने को मिला। यहां के मावली स्टेशन पर मधुमक्खियों के काटने के वीडियो सामने आए। वीडियो की जानकारी निकाली तो सामने आया कि यह वाकया बांद्रा-उदयपुर ट्रेन का है। यह ट्रेन बुधवार को जैसे ही उदयपुर पहुंची और यात्री उतरना शुरू हुए, मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। लोग कुछ संभलते इससे पहले ही 8-10 लोगों को काट लिया। इससे स्टेशन पर भगदड़ मच गई। सूचना पर 108 एम्बुलेंस पहुंची ओर घायल यात्रियों को मावली चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें उदयपुर रैफर किया।
ट्रेन बुधवार दोपहर ढाई बजे पहुंची थी और मधुमक्खियां स्टेशन पर स्थित पानी की टंकी पर बैठी थी। स्टेशन पर मधुमक्खियों के अटैक की ठोस वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है। स्थानीय स्तर पर लोग इसके अलग-अलग कारण बता रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि परफ्यूम छिड़कने के चलते ऐसा हुआ। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि रेलवे के काम के चलते यह हुआ है।
मुंबई से बांद्रा ट्रेन के पहुंचते ही उड़ीं मधुमक्खियां
स्थानीय लोगों से बातचीत में सामने आया कि दोपहर में मुम्बई से उदयपुर बांद्रा ट्रेन आ रही थी जो मावली जंक्शन पर रुकी। बताया जा रहा है कि उसमें करीब 250 यात्री थे। ट्रेन स्टेशन पर रुकी ही थी कि स्टेशन पर स्थित पानी की टंकी के पास लग रहे छत्तों से मधुमक्खियां उड़ने लगीं। मधुमक्खियां को उड़ते देख कुछ यात्रियों ने ट्रेन के गेट बंद कर दिए। वहीं कई यात्री ऐसे थे जो ट्रेन से नीचे उतरे थे उन पर मधुमक्खियां ने हमला कर दिया। करीब 40 मिनट तक यह घटनाक्रम चलता रहा।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि मधुमक्खियाें ने कई लोगों को काट लिया इनमें से पांच लोग गंभीर घायल हुए। जिससे उनको उदयपुर शहर स्थित हॉस्पिटल में रैफर किया गया। इधर कई लोगों ने अपने बैग से कपड़े और चादर निकालकर खुद को बचाने की काेशिश की। यात्री स्टेशन के बाहर खुद को मधुमक्खियां से बचाते नजर आए।
