ब्यावर : ब्यावर रेलवे स्टेशन पर बांद्रा चंडीगढ़ एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। ट्रेन को सांसद दीयाकुमारी ने हरी झंडी दिखाकर कर रवाना किया। शनिवार को सायं 4 बजे बांद्रा चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन को विधिवत तरीके रवाना करते हुए सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि ब्यावर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू होने से ब्यावर और ब्यावर के आस पास के क्षेत्रों में रहने वाली आमजनता और व्यवसायिक कारणों से आवागमन करने वाले व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। समय के साथ धन की भी बचत होगी।
सांसद ने रेल मंत्री, मंत्रालय, मोदी सरकार और रेलवे के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर केंद्र सरकार ने क्षेत्र को उपहार देकर लाभान्वित किया है जिसके लिए क्षेत्र की आम जनता भी सरकार का आभार व्यक्त करती है।
5 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ही मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दीयाकुमारी ने ब्यावर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में विस्तार जैसे स्टेशन सौंदर्यीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया का उन्नयन, द्वितीय फुट ओवरब्रिज, महिला व पुरुषों के लिए पृथक प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म शेल्टर एवं एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली सहित लगभग 5 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य व रेलवे अधिकारी भी उपस्थित थे।
