साढ़े 3 करोड़ के लेनदेन के विवाद को लेकर शेयर व्यापारी को अगवा कर पीटा; तीन जने गिरफ्तार, एक नाबालिग डिटेन

व्यापारी

बांसवाड़ा: जिले में 3.5 करोड़ के लेनदेन के विवाद में गुरुवार देर रात चेतक कॉम्प्लेक्स से एक शेयर व्यापारी को अगवा कर लिया गया।आरोपियों ने व्यापारी को निर्वस्त्र कर पूरी रात सरियों और बेल्ट से पीटा। शुक्रवार सुबह उसे उसके घर के पास फेंक गए। जाते समय बदमाशों ने पीड़ित को 10 बजे तक 50 लाख रुपए की व्यवस्था करने के लिए भी धमकाया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को डिटेन किया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

रातीतलाई निवासी शेयर व्यापारी हिमांशु नानावटी ने बताया कि आरोपी जौहर, पत्नी और उसके बेटे ने 90 लाख शेयर मार्केट में इन्वेस्ट किए थे। स्टांप पर स्वेच्छा से खाते में पैसे डालने की बात भी लिखकर दी थी। गुरुवार रात फातिमा ने कई फोन लगाए। देनदारी को लेकर लोगों के पैसे मांगने की बात कहकर रात को ही बुलाया। उसे आशंका थी, इसलिए वह चेतक कॉम्पलेक्स तक जाते समय एएसआई को भी साथ ले गया। वहीं से उसका अपहरण हुआ। अपहरण कर ले जाने वाली कार में उसकी आंखों पर पट्‌टी बांध दी गई। रास्ते में कुछ और लोग कार में चढ़े। पिटाई के साथ शरीर में पेचकस भी चुभाए। उसके फोन से ही पत्नी को फोन कराया गया। उससे कहलवाया गया कि वह एक पार्टी में है। सुबह तक आएगा। इसके बाद बदमाशों ने फोन स्विच ऑफ कर दिया।

मामले में जेल रोड निवासी शाहरुख सहित 6 अन्य लोगों की अब भी तलाश की जा रही है। इससे पहले बदमाशों ने व्यापारी को जबरदस्ती कार में डाला, आंखों पर पट्‌टी बांधकर करीब 35 किलोमीटर घुमाया और फिर किसी फार्म हाउस पर ले गए। यहां उसके साथ मारपीट की। मामले में एक नेता के पुत्र का नाम भी चर्चा में है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अपहरण के दौरान ASI की मौजूदगी स्पष्ट नहीं है।

आरोपी फातिमा ने दिया पुलिस को अलग बयान

फातिमा ने पुलिस को बताया कि हिमांशु ने उसके परिवार के अलावा रिश्तेदारों से करीब 3.5 करोड़ रुपए शेयर मार्केट में लगवाए। वह हिसाब देने से बच रहा था। चार दिन पहले नानावटी ने उन्हें दो चेक दिखाए। इसमें 7 करोड़ का एक चेक नानावटी और दूसरा 16 करोड़ का चेक बेटे अदनान का था। हिमांशु ने 21 अक्टूबर तक यह राशि खाते में आने की बात कही। आरोप है कि नानावटी ने सोशल मीडिया पर फातिमा को अश्लील वीडियो और मैसेज भेजे। शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया।

आरोपियों की तलाश जारी

शहर कोतवाल रतन सिंह चौहान ने बताया कि पूरा मामला आपसी लेन-देन का है। हिमांशु के पिता की रिपोर्ट पर 3 लोगों की गिरफ्तारी की है, चौथे नाबालिग को डिटेन किया है। मामले में शामिल शाहरुख, पीयूष के अलावा अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *