मुख्यमंत्री का पायलट कैंप के साथ भाजपा पर बड़ा निशाना : कहा- सरकार पूरे 5 साल चलेगी और रिपीट होगी, अगली बार भी धारीवाल को यूडीएच मंत्री बनाऊंगा

मुख्यमंत्री

जयपुर : प्रदेश मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज अपने विरोधियों पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि हमारे विपक्षी लोग कहते हैं कि सीएम कमरे में बंद है। अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और अन्य लोगों की कृपा से हम 34 दिन होटलों में बंद रहे। आप लोगों की बड़ी कृपा रही। हमारे विधायकों की कृपा से वो टाइम भी निकल गया।

सीएम गहलोत ने कहा कि हमारे सीएस महोदय, ब्यूरोक्रेट सबसे पहले चिंतित होते हैं कि पता नहीं सरकार रहेगी या नहीं। सचिवालय में भी पहले यही चर्चा होती है। काम काज बंद और चर्चा शुरू हो जाती थी। हम उस हालत में चल रहे थे कि सरकार रहेगी या नहीं रहेगी,लेकिन सरकार पूरे पांच साल चलेगी। पांच साल ही नहीं अगली बार सरकार वापस बनेगी। धारीवाल जी को इसी विभाग का मंत्री बनाऊंगा। सेम पोर्टफोलियो इनके पास होगा। इन्होंने बहुत मेहनत की है। पब्लिक भी इस बार तय कर चुकी है।

गहलोत आज गांधी जयंती पर प्रशासन गांवों के संग अभियान और प्रशासन शहरों के संग अभियान की शुरुआत पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने सत्ता विरोधी लहर की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि अभी तक कोई एंटी इंक बंसी पैदा नहीं हुई है। कुछ हमारे पार्टी के साथी जरूर इधर-उधर की बात कई बार कर देते हैं। हमने काम में कोई कमी नहीं रखी। पता नहीं आगे क्या होगा, लेकिन इस बार जनता का मूड वापसी का है। दो बार में एक बार हम 56 पर आए, दूसरी बार 21 पर। हमने दोनों बार काम में कोई कसर नहीं रखी थी। अब लगता है रिपीट होंगे। गहलोत का ये प्रहार भाजपा के साथ पायलट कैम्प पर भी था।

गहलोत ने कहा कि आर्टरी में ब्लॉकेज के बाद इलाज हो गया। पूरे प्रदेशवासियों की दुआएं काम आई हैं। मुझे अब कुछ होने वाला नहीं है। 15-20 साल कुछ नहीं होगा, किसी को दुखी होना हो तो हों। विपक्ष वाले बोलते हैं कि घर में बैठ गया। सीएम गहलोत ने कहा कि विपक्ष के साथियों को हम साथ लेकर चलते हैं। बीजेपी आरएसएस ने 60 साल बाद गांधी को अपनाया है। गांधी की हत्या करने वाला भी इन्हीं की विचारधारा का था। मोहन भागवत, पीएम मोदी और अमित शाह से कहना चाहूंगा कि वे अब देश से माफी मांगे या न मांगें, लेकिन आपके दिल में वही भाव आने चाहिए, जिसकी आप शपथ लेते हो। सत्य, अहिंसा, धर्मनिरपेक्षता के।

गवर्नर साहब तो आजकल इसका ध्यान रखते हैं। वे लंबी पारी खेल चुके हैं। केवल मुख्यमंत्री बनना बाकी रहा था। पंडित नेहरू हस्ती थी। अब मन से गांधी को अपना लें तो आधी समस्याएं जो राष्ट्रवाद, लव जिहाद के नाम पर पैदा हुई हैं वो मिट जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *