बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में टूरिस्ट बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 14 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हैं। इनमें कई गंभीर घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। टूरिस्ट बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। यह हादसा देवा इलाके में बबुरी गांव के पास तड़के 5 बजे के करीब हुआ। प्रशासन ने घायलों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर: 9454417464 जारी किया है।
पुलिस अधिकारी सीमएओ राम सिंह ने बताया कि हादसे में 12 पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की जान गई है। पुलिस ने बताया कि बस की स्पीड काफी तेज थी और सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के चक्कर में ट्रक और बस की टक्कर हुई है। हालांकि, एक घायल महिला यात्री ने आरोप लगाया कि बस वाले शराब के नशे में थे। उसका इशारा ड्राइवर और कंडक्टर की तरफ था।
बस और ट्रक को JCB की मदद से अलग किया
बाराबंकी SP यमुना प्रसाद ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी। मौके पर JCB बुलाई गई। इसकी मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। 14 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गैस कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
घायल महिला बोली- बस वालों ने पी रखी थी शराब
बस में सवार महिला यात्री शारदा भी हादसे में जख्मी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बस वाले (ड्राइवर और कंडक्टर) शराब पी रहे थे। उन लोगों ने दूसरों को शराब पीने से मना कर दिया था, लेकिन खुद चोरी से पी ली थी। सुबह अचानक हादसा हो गया।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की मदद
हादसे पर PM मोदी ने भी शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने राहत कोष से हर एक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाने का ऐलान किया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की है।