मुजफ्फरनगर: हेयर कट करते समय महिला के सिर में थूकने वाले जावेद हबीब ने अब एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा है कि उनके ऐसा करने से किसी को ठेस पहुंची है, तो इसके लिए वे माफी मांगते हैं। इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने दिल्ली और UP पुलिस को चिट्ठी लिखकर हबीब के खिलाफ हुई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। हिन्दू संगठनों ने भी हबीब की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया था।
दरअसल, 3 जनवरी को मुजफ्फरनगर के जड़ौदा में एक होटल में जावेद हबीब का कार्यक्रम था। इस दौरान उन्होंने एक वर्कशॉप के जरिए हेयर स्टाइल के टिप्स दिए थे। जावेद हबीब ने बताया कि पानी न होने की स्थिति में थूक से भी हेयर कट किए जा सकते हैं। यह बोलते हुए उन्होंने डेमो के रूप में कुर्सी पर बैठी एक महिला के सिर पर थूक दिया।
मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज
यह वीडियो 6 जनवरी को सामने आया, जिसके बाद वायरल होता चला गया। महिला की पहचान पूजा गुप्ता के रूप में हुई। वह बागपत जिले में बड़ौत कस्बे की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर चलाती है। पूजा ने इस संबंध में 6 जनवरी को ही मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर में जावेद हबीब के खिलाफ IPC की धारा-355, 504 और आपदा प्रबंधन एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद ही हिंदू संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन किया था।
