मेरठ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इशारों में केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके हेलिकॉप्टर को दिल्ली में रोक लिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, मेरे हेलिकॉप्टर को अभी भी बिना कोई कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है। जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साजिश है। जनता सब समझ रही है…
अखिलेश यादव की ट्वीट की पोस्ट आने पे करीब आधे घंटे बाद ही 3:10 बजे दूसरी पोस्ट आई कि उन्हें उड़ान की मंजूरी मिल गई है। उन्होंने लिखा, ‘सत्ता का दुरुपयोग हारते हुए लोगों की निशानी है… समाजवादी संघर्ष के इतिहास में ये दिन भी दर्ज होगा! हम जीत की ऐतिहासिक उड़ान भरने जा रहे हैं…।’
सपा का दावा- ढाई घंटे रोका गया हेलिकॉप्टर
सपा प्रवक्ता मनोज काका का कहना है कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्राइवेट हवाई जहाज ढाई घंटे के करीब रोका गया और निर्धारित समय पर दिल्ली में पहुंच गए थे। उसके बावजूद भी उनको प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए मुजफ्फरनगर की उड़ान नहीं भरने दी गई, जबकि वहीं से भाजपा के बड़े नेता ने अपनी उड़ान भरी।
अखिलेश को 1 बजे पहुंचना था मुजफ्फरनगर
तय कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव को दिल्ली से 12.15 बजे मुजफ्फरनगर के लिए निकलना था। 1.10 मिनट पर होटल सॉलिटेयर इन में प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। 3.30 बजे अखिलेश यादव और रालोद के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की मेरठ में कॉन्फ्रेंस होनी थी, लेकिन अखिलेश 3 घंटे लेट हो गए हैं।
