नई दिल्ली: कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए रद्द की गई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए CBSE ने अंक निर्धारण नीति की घोषणा कर दी है। साथ ही बोर्ड ने कहा है कि 10वीं कक्षा के परिणाम 20 जून 2021 को घोषित किए जाएंगे।
सीबीएसई बोर्ड की नीति के मुताबिक हर विषय में 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन और 80 अंक पूरे साल के दौरान हुईं विभिन्न परीक्षाओं के आधार पर दिये जाएंगे। बोर्ड ने ये भी कहा कि मूल्यांकन में पक्षपात और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने में दोषी पाए गए स्कूलों पर जुर्माना लगाया जाएगा और उनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी।
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, स्कूलों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके द्वारा दिए गए अंक 10वीं की पिछली बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल के प्रदर्शन के अनुरूप हों। स्कूलों को परिणामों को अंतिम रूप देने के लिये प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में आठ सदस्यीय समिति गठित करनी होगी।
