Headlines

राजस्थान तीन सीटों पर उपचुनाव : कल मतगणना से पता चलेगा किसमें कितना है दम

rajasthan by election impactvoicenews

– सहाड़ा, सुजानगढ़ और राजसमंद में कांग्रेस- भाजपा में सीधी टक्कर
– विधानसभा उपचुनाव में कल टूटेगा 56 साल का रिकॉर्ड

जयपुर : राजस्थान की तीन सीटों पर विधानसभा उपचुनाव का परिणाम भी देश के पांच राज्यों में हुए चुनाव के परिणाम के साथ कल यानी रविवार को आएगा। सहाड़ा, सुजानगढ़ और राजसमंद विधानसभा सीटों पर 17 अप्रैल को हुए मतदान के बाद अब रविवार को सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला तय है। आरएलपी को कितने वोट मिलते हैं, इस पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।

कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट पर सहानुभूति कार्ड खेला है। उपचुनावों में रविवार को प्रदेश का 56 साल से पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है। निर्वाचन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, प्रदेश में 1965 से लेकर अब तक हुए उपचुनावों में दिवंगत नेताओं के परिवार से टिकट देने पर कोई नहीं जीत पाया। उपचुनाव में अब तक किसी भी पार्टी को सहानुभूति कार्ड का फायदा नहीं मिला है।

भाजपा ने इस बार राजसमंद से दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी को टिकट देकर सहानुभूति कार्ड चला। कांग्रेस ने सुजानगढ़ में दिवंगत विधायक मास्टर भंवरलाल के पुत्र मनोज मेघवाल और सहाड़ा से दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी गायत्री देवी को मैदान में उतारा है। अब सबकी निगाहें चुनाव नतीजों पर है। चुनावों की ग्राउंड रिपोर्ट से मिले फीडबैक के अनुसार, इस बार सहानुभूति कार्ड चला है और दिवंगत नेताओं के परिवारों के उम्मीदवार जीतते दिख रहे हैं। ऐसे में उपचुनावों में 56 साल से चला आ रहा रिकॉर्ड टूटने के आसार हैं।

कोविड़ के कारण इस बार मतदान केंद्रों की संख्या में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई थी। इसके कारण ईवीएम की संख्या भी बढ़ने के कारण इस बार अधिक राउंड में मतगणना की जानी है। ऐसे में परिणाम में भी थोड़ा समय अधिक लगेगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुजानगढ़ में 30, सहाड़ा में 28 और राजसमंद में 25 राउंड में मतगणना करवाई जाएगी। तीनों उपचुनावों में 27 उम्मीदवार मैदान में थे। इनके बीच तीन उम्मीदवार चुनकर आने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *