चित्तौड़गढ़: बस की टक्कर से महिला की मौत हो गई। ड्राइवर बस को पार्किंग में लगाने के लिए रिवर्स ले रहा था। इस दौरान पीछे खड़ी महिला नीचे आ गई। बस स्टैंड पर मौजूद सवारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में अस्पताल पहुंचाया।
हादसा देखकर लोगों की निकली चीख
चित्तौड़ के निंबाहेड़ा के थाना कोतवाली एएसआई प्रहलाद सिंह जाटव ने बताया कि हादसा भीमराव अंबेडकर बस स्टैंड पर हुआ। पार्किंग एरिया में प्रतापगढ़ से आई एक प्राइवेट बस पार्क करने के लिए ड्राइवर रिवर्स कर रहा था। बस के पीछे खड़ी प्रतापगढ़ की रहने वाली बसंती बाई पत्नी कमदी मीणा का सिर कुचल गया। हादसा देखते ही लोगों की चीख निकल पड़ी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से भाग गया। ट्रैफिक पुलिस एजाज़ शेख और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को आसपास की तलाशी में महिला का पर्स बरामद मिला, जिसमें 50 रुपए, एक साहू हलवाई का कार्ड और आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से महिला की पहचान हुई।
