एंटरटेनमेंट/टीवी : टेलीविजन इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अनुपम श्याम का 63 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। मुंबई के गोरेगांव में स्थित लाइफ लाइन अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मन की आवाज प्रतिज्ञा सीरियल में ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार निभाकर वे घर-घर में पहचाने जाने लगे थे।
फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ है। दिग्गज अभिनेता अनुपम श्याम का मल्टिपल ऑर्गन फेलियर की वजह से निधन हो गया है।
Sad to know about the demise of one of the finest actors & a great human being #AnupamShyam due to multiple organ failure .
My heartfelt condolences to his family .
A great loss to the film & tv industry .
ॐ शान्ति !
? pic.twitter.com/ZvP7039iOS— Ashoke Pandit (@ashokepandit) August 8, 2021
UP के प्रतापगढ़ में जन्मे थे अनुपम श्याम
अनुपम श्याम का जन्म 20 सितंबर 1957 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। उनकी स्कूली पढ़ाई प्रतापगढ़ में ही हुई थी। लखनऊ के भारतेन्दु नाट्य अकादमी से उन्होंने थिएटर की पढ़ाई की। इसके बाद दिल्ली के श्रीराम सेंटर रंगमंडल में काम किया। इसके बाद वह नेशनल स्कूल ऑफ ड्रॉमा से जुड़ गए।
ज्यादातर निगेटिव किरदार ही मिले
अनुपम श्याम को फिल्मों में ज्यादातर निगेटिव रोल ही मिले। उन्होंने कुछ इंटरनेशनल फिल्मों में भी काम किया। इनमें द लिटिल बुद्धा और ऑस्कर अवॉर्ड पाने वाली फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर खास हैं। वे शेखर कपूर की फिल्म बैंडिट क्वीन का भी अहम हिस्सा रहे थे।
इन हिंदी फिल्मों में काम किया
हिंदी फिल्मों में शक्ति, हल्ला बोल और रक्तचरित, परजानिया, दास कैपिटल, पान सिंह तोमर, हजार चौरासी की मां, दुश्मन, सत्या, दिल से, जख्म, कच्चे धागे, तक्षक, बवंडर, नायक, कसूर, लगान और लज्जा चर्चित रहीं।
