श्रीगंगानगर: अन्ना जन जागृति मंच ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर माँग की है कि नगर विकास न्यास श्रीगंगानगर के अध्यक्ष के रिक्त पद पर कर्मचारी नेता सतीश शर्मा की नियुक्ति की जाए। अन्ना जन जागृति मंच के सचिव मोहन लाल गुप्ता ने पत्र में कहा है कि श्रीगंगानगर में मेडिकल कॉलेज खोलने हेतु सर्वप्रथम अन्ना जन जागृति मंच ने ही ज्ञापन, धरना, प्रदर्शन, अनशन सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मेडिकल कॉलेज खोलने की माँग को सतीश शर्मा के नेतृत्व में सभी विचारधाराओं वाले लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ाया था। जनहित के सभी मुद्दों के साथ-2 भ्रष्टाचार के विरूद्ध संघर्ष को भी सतीश शर्मा की अगुवाई में निरन्तर आगे बढ़ाया गया है।
सतीश शर्मा ब्राह्मण जाति के साथ-2 तमाम जाति, धर्म, सम्प्रदाय तथा कर्मचारी वर्ग के साथ-2 अधिकारी, श्रमिक, शिक्षक, कृषक, व्यापारी आदि सभी वर्गों में संघर्षशील, ईमानदार, परिश्रमी, सक्रिय, अनुभवी, कर्मठ, निष्ठावान, मिलनसार, व्यवहार कुशल व सहयोगी समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं। अनेक कर्मचारी आंदोलनों व संघर्षों में सशक्त नेतृत्व करते हुए विभिन्न माँगों को पूरा करवाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ग्रेजुएट शिक्षित तथा ओजस्वी एवं प्रखर वक्ता सतीश शर्मा की सोच सदैव सामूहिक हितों पर केन्द्रित रही है। आम जनता के हकों-हकूक हेतु समाजसेवा में तथा सभी सामाजिक सरोकारों में सतीश शर्मा सदैव संवेदनशीलता के साथ समर्पित रहे हैं। अत: व्यापक जनहित में व क्षेत्र के चहूंमुखी विकास हेतु यू.आई.टी. चेयरमैन पद पर सतीश शर्मा की नियुक्ति की जाए।
